अगर आप रोज के खाने में दलिया शामिल कर लें, तो यह शरीर को जरूरी पोषण देने के साथ-साथ आपको कई बीमारियों से भी बचाने में मदद करता है.
दलिया एक ऐसा भोजन है, जो सुबह के नाश्ते से लेकर रात के खाने तक आपकी सेहत का भरोसेमंद साथी बन सकता है.
दलिया में भरपूर मात्रा में फाइबर, प्रोटीन, विटामिन और मिनरल्स पाए जाते हैं जो पाचन तंत्र को मजबूत बनाते हैं. दलिया खाने से कब्ज, गैस और एसिडिटी जैसी समस्याओं में काफी राहत मिलती है.
वजन कम करने के लिए दलिया बेहतरीन विकल्प है, क्योंकि यह कम कैलोरी वाला भोजन है और लंबे समय तक पेट भरा रखता है. इससे बार-बार भूख नहीं लगती और आप ओवरईटिंग से बचते हैं.
दलिया दिल की सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद माना जाता है. इसमें मौजूद फाइबर और जरूरी पोषक तत्व कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित रखने में मदद करते हैं, जिससे हार्ट से जुड़ी बीमारियों का खतरा कम होता है.
डायबिटीज के मरीजों के लिए भी दलिया अच्छा विकल्प है, क्योंकि इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है और यह ब्लड शुगर को तेजी से बढ़ने नहीं देता.
बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर लोगों के लिए दूध वाला दलिया ऊर्जा देने वाला आहार है, जबकि सब्जियों या दाल के साथ बना नमकीन दलिया लंच या डिनर के लिए परफेक्ट रहता है.
दलिया बनाने के लिए सबसे पहले मूंग दाल और दलिया को धोकर गर्म पानी में भिगो दें. इस बीच, प्याज, टमाटर और गाजर काट लें,  प्रेशर कुकर में दलिया, मूंग दाल, कटी हुई सब्जियां डालें. इसमें हरी मटर, कसा हुआ अदरक, नमक, कुछ मसाले और पानी डालें. ढक्कन बंद करके मध्यम आंच पर चार से पांच सीटी आने तक पकाएं. घी और फ्रेश कटी हरी धनिया से सजाकर गरमागरम परोसें.
रात के खाने में हल्का दलिया खाने से नींद भी अच्छी आती है और पेट साफ रहता है. बस ध्यान रखें कि इसमें ज्यादा तेल-मसाले न डालें.
Download App